चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में भारत की जीत के बाद आयोजित पुरस्कार समारोह में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के किसी भी अधिकारी की अनुपस्थिति ने पाकिस्तान क्रिकेट जगत में विवाद खड़ा कर दिया है। पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम और शोएब अख्तर ने इस मुद्दे पर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया। दुबई में आयोजित इस मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में पीसीबी का कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं था, जबकि पाकिस्तान इस टूर्नामेंट का मेजबान था। शोएब अख्तर ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा, “यह मेरी समझ से परे है कि ऐसा कैसे हो सकता है? विश्व मंच पर आपको वहां होना चाहिए था।”
वसीम अकरम ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पीसीबी के चेयरमैन मोहसिन नकवी स्वास्थ्य कारणों से दुबई नहीं जा सके। उन्होंने कहा, “जहां तक मुझे जानकारी है, चेयरमैन साहब की तबीयत ठीक नहीं थी, लेकिन पीसीबी की तरफ से स्टेज पर कोई नहीं था।”
इस घटना ने पाकिस्तान क्रिकेट में प्रशासनिक कमियों को उजागर किया है, जिससे पूर्व खिलाड़ियों और प्रशंसकों में नाराजगी बढ़ी
है।
