Source HT
मुंबई: टाइगर श्रॉफ की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘बागी 4’ ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। फिल्म ने अपनी रिलीज के दूसरे दिन दुनिया भर में ₹28 करोड़ का शानदार कलेक्शन कर लिया है। इस कमाई के साथ ही फिल्म ने कंगना रनौत की ‘इमरजेंसी’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है।
‘बागी 4’ ने पहले दिन ₹13.20 करोड़ की कमाई के साथ अच्छी शुरुआत की थी, हालांकि दूसरे दिन इसकी कमाई में थोड़ी गिरावट देखी गई और इसने ₹9 करोड़ का कलेक्शन किया। लेकिन इसके बावजूद, भारत में इसका कुल कलेक्शन ₹21 करोड़ हो गया है। वहीं, विदेशी मार्केट में भी फिल्म ने करीब ₹3 करोड़ का कारोबार किया है, जिससे इसका दुनिया भर में कुल कलेक्शन लगभग ₹28 करोड़ तक पहुंच गया है।
फिल्म ने कंगना रनौत की ‘इमरजेंसी’ के कुल कलेक्शन को पार कर लिया है, जिसका लाइफटाइम कलेक्शन ₹23.75 करोड़ था। ‘बागी 4’ की यह सफलता टाइगर श्रॉफ के लिए एक बड़ी जीत मानी जा रही है, जो पिछले कुछ समय से बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रहे थे। फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है, लेकिन एक्शन और स्टंट्स के लिए टाइगर की तारीफ हो रही है।
फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला और निर्देशक ए. हर्षा को इस सफलता से काफी उम्मीदें हैं। फिल्म में टाइगर श्रॉफ के साथ संजय दत्त, सोनम बाजवा और हरनाज संधू भी अहम भूमिकाओं में हैं। ‘बाजी 4’ की इस शुरुआती सफलता से यह उम्मीद की जा रही है कि यह आने वाले दिनों में और भी बेहतर प्रदर्शन करेगी और इस साल की बड़ी हिट फिल्मों में शामिल होगी।
