Source HT
नई दिल्ली: मोहित सूरी द्वारा निर्देशित रोमांटिक म्यूजिकल ड्रामा ‘सैय्यारा’ ने नेटफ्लिक्स पर आते ही धूम मचा दी है। अहान पांडे और अनीता पड्डा अभिनीत इस फिल्म ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर इतिहास रच दिया है, रिलीज के महज पांच दिनों में यह दुनिया की नंबर 1 गैर-अंग्रेजी फिल्म बन गई है। फिल्म ने न सिर्फ जर्मनी की ‘फॉल फॉर मी’ को पीछे छोड़ा है, बल्कि नेटफ्लिक्स की ओरिजिनल हिंदी फिल्म ‘इंस्पेक्टर जेंडे’ को भी मात दे दी है।
नेटफ्लिक्स के आधिकारिक डेटाबेस ‘टुडम’ के अनुसार, ‘सैय्यारा’ ने 3.7 मिलियन व्यूज और 9.3 मिलियन घंटे की व्यूइंग के साथ वैश्विक गैर-अंग्रेजी फिल्मों की लिस्ट में टॉप पर जगह बनाई है। यह फिल्म 15 से अधिक देशों में टॉप 10 में शामिल है, जिनमें से 9 देशों में यह नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है।
फिल्म की इस शानदार सफलता पर, अहान पांडे और अनीता पड्डा ने फैंस का दिल से शुक्रिया अदा किया है। नेटफ्लिक्स इंडिया द्वारा साझा किए गए एक वीडियो में दोनों अभिनेताओं ने फैंस को उनके प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया।
अहान पांडे ने कहा, “सैय्यारा को दुनिया भर में इतना प्यार देने के लिए, हम आपको हमेशा और हमेशा के लिए प्यार करते हैं। सैय्यारा नेटफ्लिक्स पर वैश्विक स्तर पर केवल आपकी वजह से ट्रेंड कर रही है। इसे देखने और बार-बार देखने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।”
अनीता पड्डा ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “कभी-कभी मुझे लगता है कि फिल्म खत्म हो गई, लेकिन जब आप लोग ऐसा करते हैं, तो मुझे एहसास होता है कि कहानियां खत्म नहीं होतीं, वे बस नए आसमान ढूंढती हैं। एक तारा भले ही सैय्यारा के नाम पर हो, लेकिन असली आकाशगंगा हमेशा आप लोग रहे हैं। हमारी कहानी को अनंत बनाने के लिए धन्यवाद।”
बता दें कि ‘सैय्यारा’ ने सिनेमाघरों में भी शानदार प्रदर्शन किया था, जहां इसने दुनिया भर में 570 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। फिल्म की कहानी एक गायक (अहान) और एक गीतकार (अनीता) की मार्मिक प्रेम कहानी है, जिनकी जिंदगी में तब एक मुश्किल मोड़ आता है, जब गीतकार को अल्जाइमर रोग का पता चलता है। फिल्म के संगीत और दिल को छू लेने वाली कहानी ने दर्शकों को खूब पसंद किया, और अब यह ओटीटी पर भी सफलता के नए आयाम छू रही है।
