Source HT
मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए आईपीएल 2025 के एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 20 रन से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और क्वालिफायर 2 में जगह बना ली।
मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 228 रन बनाए। रोहित शर्मा ने 50 गेंदों में 81 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जॉनी बेयरस्टो ने 22 गेंदों में 47 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव (33 रन) और तिलक वर्मा (25 रन) ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम 208 रन ही बना सकी। साई सुदर्शन ने 49 गेंदों में 80 रन की पारी खेली, जबकि वॉशिंगटन सुंदर ने 24 गेंदों में 48 रन बनाए। हालांकि, मुंबई के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई।
मुंबई इंडियंस अब क्वालिफायर 2 में पंजाब किंग्स से भिड़ेगी, जहां जीतने वाली टीम फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मुकाबला करेगी।
