Source Jagran
रांची/पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन (महागठबंधन) को बड़ा झटका लगा है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) ने गठबंधन से अलग होकर बिहार में 6 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी ने महागठबंधन में ‘सम्मानजनक सीटें’ न मिलने का आरोप लगाया है।
झामुमो के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने रांची में घोषणा करते हुए बताया कि पार्टी चकाई, धमदाहा, कटोरिया (अनुसूचित जनजाति आरक्षित), मनिहारी (अनुसूचित जनजाति आरक्षित), जमुई और पीरपैंती (अनुसूचित जाति आरक्षित) सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। ये सभी सीटें 11 नवंबर को दूसरे चरण में होने वाले मतदान का हिस्सा हैं।
झामुमो ने महागठबंधन के घटक दलों, विशेष रूप से राजद (RJD) और कांग्रेस, पर झारखंड में गठबंधन धर्म निभाने के बावजूद बिहार में ‘धोखा’ देने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि झारखंड में उसने राजद को सम्मान दिया और विधायक को मंत्री बनाया, लेकिन बिहार में उसे नजरअंदाज किया गया। भट्टाचार्य ने स्पष्ट किया कि यह कोई ‘फ्रेंडली फाइट’ नहीं होगी, और पार्टी राज्य में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने के लिए लड़ेगी। उन्होंने यहां तक कहा कि बिहार चुनाव के बाद झारखंड में भी गठबंधन की समीक्षा की जाएगी। झामुमो का यह फैसला ऐसे समय में आया है जब महागठबंधन पहले से ही कई सीटों पर अंदरूनी कलह और ‘दोस्ताना’ मुकाबले का सामना कर रहा है।
