Source
नई दिल्ली: देश की भ्रष्टाचार-विरोधी संस्था लोकपाल (Lokpal of India) ने अपने अध्यक्ष और सदस्यों के लिए सात लक्जरी बीएमडब्ल्यू 3 सीरीज 330एलआई (BMW 3 Series 330Li) कारें खरीदने के लिए एक सार्वजनिक टेंडर जारी किया है। इन कारों की अनुमानित ऑन-रोड कीमत लगभग 70 लाख रुपये प्रति कार है, जिससे कुल खरीद लागत करीब 5 करोड़ रुपये हो सकती है।
16 अक्टूबर को जारी किए गए इस टेंडर के अनुसार, लोकपाल को सफेद रंग की ‘एम स्पोर्ट’ लॉन्ग व्हीलबेस मॉडल की सात कारें चाहिए। टेंडर में यह भी अनिवार्य किया गया है कि चयनित वेंडर या फर्म को लोकपाल के ड्राइवरों और नामित कर्मचारियों के लिए कम से कम सात दिनों का व्यापक व्यावहारिक और सैद्धांतिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करना होगा।
हालांकि, भ्रष्टाचार पर नजर रखने वाली शीर्ष संस्था द्वारा इतनी महंगी और लग्जरी कारों की खरीद के प्रस्ताव पर सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में सवाल उठने लगे हैं। कई लोगों ने भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से जन्मी संस्था द्वारा सार्वजनिक धन के इस तरह के उपयोग पर सवाल उठाते हुए इसे ‘विलासिता’ करार दिया है।
वर्तमान में लोकपाल में एक अध्यक्ष और छह सदस्य हैं, जिनके लिए ये कारें खरीदी जा रही हैं। टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर 2025 है और कारों की डिलीवरी सप्लाई ऑर्डर जारी होने की तारीख से 30 दिनों के भीतर होनी है। यह खरीद ऐसे समय में सामने आई है जब संस्था की भूमिका और कार्यप्रणाली पर पहले से ही सवाल उठते रहे हैं।
