Source Money control
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को मध्य प्रदेश के धार जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए भारतीय सेना की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के जरिए भारत ने पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया और यह भी बताया कि खुद जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी ने भारतीय हमले से हुए नुकसान को स्वीकार किया है।
प्रधानमंत्री ने कहा, “हमारी सेना ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया।” उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि हाल ही में एक पाकिस्तानी आतंकवादी ने रो-रोकर अपने संगठन को हुए नुकसान का हाल बयां किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह नया भारत है जो किसी की परमाणु धमकी से डरता नहीं, बल्कि घर में घुसकर मारता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर से पहले पाकिस्तानी आतंकवादियों ने हमारी बहनों और बेटियों का सिंदूर उजाड़ दिया था, जिसके जवाब में भारत ने आतंकी ठिकानों को बर्बाद कर दिया। यह हमला 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में किया गया था। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में नौ आतंकवादी कैंपों को निशाना बनाया गया था।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की विदेश नीति अब शांति और समृद्धि पर केंद्रित है, लेकिन देश की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा जाएगा।
